अमृतसर: बॉलीवुड फिल्म dhurandhar 1 और dhurandhar 2 में सुपरस्टार रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना को पगड़ी बांधने वाले अमृतसर निवासी बलविंदर सिंह इन दिनों खास पहचान बना चुके हैं. बलविंदर सिंह का कहना है कि बॉलीवुड के बड़े कलाकारों और मशहूर निर्देशक आदित्य धर के साथ काम करने का मौका मिलना उनके लिए गर्व की बात है.
बलविंदर सिंह ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से पेशेवर रूप से लोगों को पगड़ी बांधने का काम कर रहे हैं. इससे पहले भी वह ‘कैलरी’ नाम की फिल्म में कलाकारों को पगड़ी बांध चुके हैं, लेकिन धुरंधर 2 में काम करना उनके लिए अब तक का सबसे बड़ा और चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा.
उन्होंने बताया कि धुरंधर 2 में बलोच पगड़ी बांधना आसान नहीं था। अब तक वह भारतीय हर कल्चर की पगड़ियां लोगों को बांध चुके थे, लेकिन बलोच पगड़ी का स्टाइल बिल्कुल अलग था. इसके लिए उन्हें कई दिनों तक रिहर्सल करनी पड़ी. पहले उन्होंने अपने भाई को बलोच पगड़ी बांधी, फिर अपनी पत्नी पर अभ्यास किया और आखिर में खुद पगड़ी बांधकर उसकी तस्वीर और वीडियो निर्देशक आदित्य धर को भेजी.
बलविंदर सिंह के अनुसार, जब उन्होंने अपनी तैयारी निर्देशक को दिखाई तो निर्देशक ने सराहना करते हुए कहा कि यह अच्छा हुआ कि आपने बलोच पगड़ी सही तरीके से बांध ली, नहीं तो बलोच यानी पाकिस्तान से ही पगड़ी बांधने वाले को बुलाना पड़ता.
बलविंदर सिंह का कहना है कि धुरंधर 2 में काम करने के बाद उनकी पहचान पूरी तरह बदल गई है. अब लोग उन्हें उनके असली नाम से ज्यादा “धुरंधर वाला सरदार” कहकर पहचानने लगे हैं. उनके काम में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है और अलग‑अलग जगहों से उन्हें बुलावा आ रहा है.
उन्होंने कहा, “बॉलीवुड के इतने बड़े कलाकारों के साथ काम करना मेरे लिए एक सपने जैसा है. यह मेरे हुनर की पहचान है और मैं आगे भी अपने काम को पूरी लगन से करता रहूंगा.”

