बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली मुश्किलों का सामना कर रही हैं. उनका अपने ऑस्ट्रियाई पति पीटर हाग से तलाक हो रहा है. ये मामले कोर्ट में चल रहा है. इस बीच सेलिना अपने दिवंगत बेटे शमशेर की कब्र पर गईं. यहां वो खुद को संभाल नहीं पाईं और फूट-फूटकर रोने लगीं.
एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया. इसमें उन्हें अपने दिवंगत बेटे की कब्र साफ करते हुए और इमोशनल होते देखा गया. उन्होंने एक लंबी पोस्ट भी लिखी और कहा कि वह ‘हार नहीं मानेंगी’. सेलिना ने लिखा, ‘मुझे इस दिल तोड़ने वाली वीडियो को दुनिया के सामने शेयर करने के अलावा और कोई ऑप्शन नहीं दिख रहा था. मैं एक मां के रूप में अपने ट्रॉमा को दिखा रहीं हूं. पिछले कुछ हफ्ते मेरे जीवन के सबसे मुश्किल दिन रहे हैं. मैं ऑस्ट्रिया में अपने तलाक की सुनवाई के लिए गई थी.’
बच्चों से नहीं मिल पा रहीं सेलिना
सम्बंधित ख़बरें
एक्ट्रेस ने फिर अपने पति पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह सेलिना को उनके बच्चों से मिलने नहीं दे रहे हैं. उन्होंने आगे लिखा, ‘ऑस्ट्रियाई जज के सामने एक अंडरटेकिंग के बावजूद, मेरे बच्चों को अनजान जगह पर ले जाया गया था और उन्हें हमारे मैरिटल घर पर वापस नहीं लाया गया. मैं सिर्फ अपने बेटे शमशेर से मिल पाई, जो कुछ समय पहले गुजर गया था. यह एक मां की दिल दहला देने वाली कहानी है, जिसने जन्म से लेकर अब तक अपने बच्चों के लिए सब कुछ किया है.’
सेलिना ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने पति पीटर हाग का साथ देने के लिए सब कुछ छोड़ दिया था. लेकिन सालों में उन्हें एहसास हुआ कि वे केवल ‘अपमान और दुर्व्यवहार’ झेल रही थीं. उन्होंने लिखा, ‘मैंने अपना देश, अपने माता-पिता, अपना काम छोड़ दिया और भारत से दुबई, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया, फिर दुबई और फिर ऑस्ट्रिया चली गई. सिर्फ अपने पति के करियर को सपोर्ट करने के लिए. मैंने अकेले अपने बच्चों को पाला, जबकि उनके पिता के महत्वाकांक्षाओं, उनके ट्रांसफर, उनके सपनों और हमारे बनाए जीवन के पीछे मैं मजबूती से खड़ी रही. शादी और बच्चों के प्रति अपने इस समर्पण के बदले मैंने देखा कि मेरी प्रॉपर्टी टुकड़े-टुकड़े करके ले ली जा रही हैं. और मैंने दुर्व्यवहार सहा.’
एक्ट्रेस ने आगे कहा कि भले ही वे ‘सुलझा हुआ’ तलाक चाहती थीं, लेकिन उनके पति उन्हें बच्चों से मिलने नहीं दे रहे हैं. उन्होंने दावा किया, ‘जॉइन्ट कस्टडी और ऑस्ट्रियन फैमिली कोर्ट के मौजूदा आदेश के बावजूद, मैं अपने 3 बच्चों से किसी भी प्रकार के कॉन्टैक्ट में नहीं हूं और मेरा दिल टूटा हुआ है. मेरे बच्चों तक मेरी पहुंच में बार-बार बाधा डाली गई है. साथ ही ब्रेनवॉशिंग और धमकियों का सहारा लिया जा रहा है ताकि वे अपनी मां के खिलाफ बातें कहें. एक ऐसी मां के खिलाफ, जिसने जन्म से लेकर अब तक उनके लिए सिवाय उनकी देखभाल, उनके पिता के करियर को सपोर्ट करने के लिए एक देश से दूसरे देश जाने के अलावा कुछ नहीं किया.’
सेलिना जेटली की ये पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है. एक्ट्रेस ने नवंबर 2025 में पति पीटर हाग के खिलाफ केस दर्ज किया था. इसमें उन्होंने पीटर पर घरेलू हिंसा, क्रूरता और मैनिपुलेशन का आरोप लगाया था. उन्होंने 50 करोड़ रुपये और अन्य राशियों का मुआवजा भी मांगा था. ये मामला फिलहाल अदालत में है. सेलिना जेटली दस साल से ज्यादा समय से फिल्मों से दूर हैं. उन्होंने पिछली बार 2011 में रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘थैंक यू’ में लीड रोल किया था.
—- समाप्त —-






